कुमाऊं से लौटे मुख्यमंत्री ने जोशीमठ के संबंध में अधिकारियों के रिपोर्ट ली, बुलाई उच्चस्तरीय बैठक – Satwana Express Hindi News Portal

कुमाऊं से लौटे मुख्यमंत्री ने जोशीमठ के संबंध में अधिकारियों के रिपोर्ट ली, बुलाई उच्चस्तरीय बैठक

0

जोशीमठ में हो रहे भू धंसाव मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। राज्य सचिवालय में होने वाली इस बैठक में जोशीमठ में प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और नगर के पुनरोद्धार कार्ययोजना पर बड़े निर्णय हो सकते हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री शनिवार को जोशीमठ ग्राउंड जीरो पर जाकर हालात का जायजा लेंगे। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा को एक विशेषज्ञ दल गठित कर प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर अध्ययन करने के निर्देश दिए थे। विशेषज्ञ दल जोशीमठ पहुंच गया है।

बता दें कि जोशीमठ में भवनों, सड़कों और खेतों में आ रही दरारें और कुछ स्थानों पर पानी रिसने की घटना से क्षेत्र के लोग दहशत में है। जिला प्रशासन के निर्देश पर लोगों का सुरक्षित स्थानों पर अस्थायी पुनर्वास किया जा रहा है।

शुक्रवार को उन्होंने इस मुद्दे पर बैठक बुलाई है। बैठक में मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी, चमोली के डीएम, गढ़वाल के आयुक्त, सिंचाई, लोनिवि, वित्त विभाग से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

माना जा रहा है कि बैठक में जोशीमठ के आपदा प्रबंधन के रोडमैप पर चर्चा हो सकती है। फैसले लेने के बाद मुख्यमंत्री शनिवार को जोशीमठ पहुंचेंगे और वहां भेजे गए विशेषज्ञ दल, जिला प्रशासन और जोशीमठ बचाओ अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री प्रभावित इलाकों का दौरा भी करेंगे और प्रभावित परिवारों से भी मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *