भारी बारिश से टिहरी में जनजीवन प्रभावित, नरेंद्रनगर-प्लासड़ा मार्ग पर मलबा आने से यातायात ठप – Satwana Express Hindi News Portal

भारी बारिश से टिहरी में जनजीवन प्रभावित, नरेंद्रनगर-प्लासड़ा मार्ग पर मलबा आने से यातायात ठप

0

टिहरी जिले में मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नरेंद्रनगर-प्लासड़ा मार्ग पर भारी मलबा आने के कारण नेशनल हाइवे 34 पर पुलिस चौकी प्लासड़ा से आगे का मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया था, जिससे यातायात बाधित हो गया।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, जब तक मलबा हटाया नहीं जाता, तब तक इस मार्ग पर यातायात बहाल नहीं हो सकता। लगातार बारिश के कारण मलबा हटाने के कार्य में भी बाधा आ रही है, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई वाहन चौकी प्लासड़ा और भद्रकाली में रोके गए।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य लें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। यातायात विभाग व उत्तराखंड पुलिस लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं।

अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि नेशनल हाइवे 34 पर प्लासड़ा के पास लगातार बारिश के चलते मार्ग आज सुबह से चार बार बंद हुआ, जिससे आवागमन में दिक्कतें आईं। हालांकि प्रशासन की तत्परता से अब मार्ग खोल दिया गया है। इसके अलावा क्षेत्र में 8 ग्रामीण मोटर मार्ग भी बारिश के कारण बंद हैं।

उन्होंने बताया कि टिहरी बांध का जल स्तर बढ़कर 803 मीटर तक पहुंच गया है, जिसे देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड में रखा गया है।

प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।