केदारनाथ और मध्यमहेश्वर यात्रा 48 घंटे के लिए स्थगित, भारी बारिश और मौसम अलर्ट के चलते निर्णय – Satwana Express Hindi News Portal

केदारनाथ और मध्यमहेश्वर यात्रा 48 घंटे के लिए स्थगित, भारी बारिश और मौसम अलर्ट के चलते निर्णय

0

रुद्रप्रयाग-जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ धाम व मध्यमहेश्वर धाम यात्रा को अगले 48 घंटे यानी 7 और 8 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया है। जिला प्रशासन ने यह निर्णय यात्रियों और आम जनमानस की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।

जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन, मलबा और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे मार्ग अत्यंत जोखिमपूर्ण हो गया है। इसके अलावा, बरसाती गाड़-गधेरों में अत्यधिक पानी आने से मार्ग की स्थिति और भी ज्यादा खतरनाक हो गई है।

मध्यमहेश्वर घाटी में भी अत्यधिक वर्षा हुई है, जिससे गोण्डार के पास अस्थायी पुल बह गया है। इससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। ऐसे में प्रशासन ने आगामी दो दिन यात्रा स्थगित रखने का निर्णय लिया है।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है, जिस कारण सुरक्षा उपायों को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

जिलाधिकारी ने सभी श्रद्धालुओं और नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक जोखिम न लें।