देहरादून के नवनियुक्त जिलाधिकारी (DM) डॉ. आशीष चौहान ने कार्यभार संभालते ही अपनी प्रशासनिक प्राथमिकताओं को लेकर कड़े तेवर दिखा दिए हैं। सोमवार को जनपद के सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से अपनी पहली परिचय और समीक्षा बैठक करते हुए डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का पूरा फोकस जन अपेक्षाओं के अनुरूप परिणाम देने पर रहेगा।
उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। यदि धरातल पर योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही मिली, तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने कार्यसंस्कृति में सुधार लाने की बात कहते हुए निर्देश दिए कि अधिकारी केवल दफ्तरों तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड विजिट सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सुशासन का वास्तविक प्रभाव आम जनता को महसूस होना चाहिए और धरातल पर प्रशासन की मौजूदगी दिखनी चाहिए।
मुख्यमंत्री घोषणाओं की नियमित समीक्षा: मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं और विकास परियोजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग होगी। डीएम ने साफ कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
महिला सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम: महिला सुरक्षा को प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में रखते हुए सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था मजबूत करने और महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने के निर्देश दिए गए।
नशे, साइबर क्राइम और पॉक्सो पर कड़ा प्रहार: युवाओं और बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए स्कूल-कॉलेजों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। नशा मुक्ति के लिए एन-कोर्ड (NCORD) व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
रोड सेफ्टी और ब्लैक स्पॉट्स का सुधार: सड़कों की स्थिति और सड़क सुरक्षा की नियमित समीक्षा की जाएगी। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (Black Spots) को चिह्नित कर तुरंत सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
भू-माफियाओं और अवैध कब्जों पर त्वरित कार्रवाई: भूमि संबंधी धोखाधड़ी और अवैध कब्जों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग को संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया है।
स्वच्छता और डेंगू पर फोकस: शहर के साथ-साथ जलाशयों और जल स्रोतों की सफाई में बड़ा बदलाव (Visual Change) लाने और डेंगू नियंत्रण के लिए एक्टिव केस हंटिंग और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
अफसरों को मिला टास्क: जनहित में बनाएं 5 नए प्रोजेक्ट
डीएम ने जनपद में चल रही महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को एक नया टास्क दिया है। उन्होंने सभी विभागों को जनहित में कम से कम 5 नए महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अन्य जिलों में चल रहे सफल नवाचारों (Innovations) को देहरादून में भी लागू करने की संभावनाएं तलाशने को कहा है।