उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के केदारताल ट्रेक पर लापता ट्रेकर्स और उनके सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। रेस्क्यू अभियान के दौरान बरामद किए गए तीन शवों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से मातली हेलीपैड पहुंचाया गया है। इनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। वहीं, शेष लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें दुर्गम केदारताल क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को गंगोत्री से सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ समेत कुल 13 सदस्यीय दल केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। इस दौरान खराब मौसम, भारी बर्फबारी और ग्लेशियर के कारण ट्रेक मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिसके चलते दल निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट सका।
सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन के समन्वय से SDRF उत्तराखंड पुलिस, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), वन विभाग और संबंधित ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान में जुट गईं।
सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में टीमें बेहद दुर्गम और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच अभियान चला रही हैं। सर्चिंग के दौरान बरामद तीन शवों को हेलीकॉप्टर से मातली हेलीपैड पहुंचाया गया है।
वहीं, शेष लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए SDRF, NIM, वन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों का संयुक्त अभियान जारी है। खराब मौसम, भारी बर्फबारी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमें पूरी तत्परता से सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।



