दिल दहला देने वाली खबर: रुड़की में 12 साल के बच्चे को मगरमच्छ ने बनाया शिकार, शव बरामद – Satwana Express Hindi News Portal

दिल दहला देने वाली खबर: रुड़की में 12 साल के बच्चे को मगरमच्छ ने बनाया शिकार, शव बरामद

0

रुड़की के बुग्गावाला क्षेत्र एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है जहां एक 12 साल के मासूम को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मामला थाना बुग्गावाला क्षेत्र के बंजारेवाला गांव का है जहां रामकुमार का 12 वर्षीय बेटा राम रहीम स्टोन क्रेशर के पास मौजूद था तभी अचानक पानी में छिपे मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे अपने जबड़ों में दबाकर पानी में खींच ले गया। घटना की सूचना मिलते ही बुग्गावाला पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि एक बच्चे पर मगरमच्छ ने हमला किया है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर लिया है। ग्रामीणों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक मासूम की इस दर्दनाक मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।