राजभवन में ओलिंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से शिष्टाचार भेंट की – Satwana Express Hindi News Portal

राजभवन में ओलिंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से शिष्टाचार भेंट की

0

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) से बुधवार को राजभवन में ओलिंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल ने नीरज को बधाई दी और उनकी उपलब्धि को सराहा। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार भी उपस्थित थे।

राज्यपाल को दी हडको से वित्त पोषित योजनाओं की जानकारी

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) से हडको क्षेत्रीय कार्यालय के प्रमुख संजय भार्गव ने भेंट की। राज्यपाल को संजय भार्गव ने राज्य के विकास में हडको से वित्त पोषित विभिन्न योजनाओं के बारे में प्रस्तुति दी। साथ ही भविष्य में विकास को केंद्र में रखकर क्रियान्वित की जाने वाली विभिन्न आवास व ढांचागत विकास परियोजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि हडको भविष्य में राज्य के विकास में सक्रिय योगदान देगा। राज्यपाल ने स्वच्छ भारत अभियान एवं प्लास्टिक अपशिष्ट के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की।

दो सौ मीटर में रूचि पंत व प्रवेश चौहान अव्वल

उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय अंतर पालीटेक्निक खेलकूद प्रतियोगिता की दो सौ मीटर दौड़ में महिला वर्ग से राजकीय पालीटेक्निक जैंती की रूचि पंत और पुरुष वर्ग से राजकीय पालीटेक्निक बड़कोट के प्रवेश चौहान पहले स्थान पर रहे।

महाराणा प्रताप स्पोट्र्स कालेज में चल रही प्रतियोगिता के तीसरे दिन बुधवार को कई खेल स्पर्धाएं आयोजित हुई। दो सौ मीटर दौड़ के महिला वर्ग में नरेंद्रनगर की पायल नेगी दूसरे और अल्मोड़ा की खुशबू बिष्ट तीसरे स्थान पर रही। पुरुष वर्ग में खटीमा के अमित सिंह दूसरे और आमवाला के दीपक तीसरे स्थान पर रहे। 1500 मीटर पुरुष वर्ग में राजकीय पालीटेक्निक नैनीताल के गौरव बिष्ट पहले, चंपावत के नितिन दूसरे और गौचर के साहिल तीसरे स्थान पर रहे।

वहीं, आइआरडीटी आडिटोरियम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में समूह नृत्य में रुड़की पहले, द्वाराहाट दूसरे और गौचर तीसरे स्थान पर रहा। एकल नृत्य में द्वाराहाट पहले, गौचर दूसरे और रुड़की तीसरे स्थान पर रहे। समूह गान में द्वाराहाट पहले, काशीपुर दूसरे और रुड़की तीसरे स्थान पर रहे। समापन पर मुख्य अतिथि तकनीकी शिक्षा के सचिव नितेश कुमार झा ने सभी विजेताओं व उप विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा विभाग के निदेशक हरि सिंह, अपर निदेशक आरपी गुप्ता, सचिव देशराज, परीक्षा नियंत्रक राजीव सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *