महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा, 10 की मौत; 35 घायल – Satwana Express Hindi News Portal

महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा, 10 की मौत; 35 घायल

0

मुंबई: महाराष्ट्र में शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार मुंबई से शिर्डी आ रही टूरिस्ट बस की नासिक-शिर्डी हाईवे पर आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस बस में कुल 45 यात्री सवार थे। 10 की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 7 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। वहीं हादसे में 35 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी साईंबाबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नासिक-शिर्डी हाईवे पर हुए बस हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन से आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बस में मुंबई के अंबरनाथ के यात्री सवार थे, जो शिर्डी दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसा पाथेर गांव के पास हुआ जो सिन्नर-शिरडी हाईवे पर पड़ता है। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बस और ट्रक दोनों ही बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस मौके पर मौजूद है।

घटना को लेकर अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मुंबई से करीब 180 किलोमीटर दूर नासिक की सिन्नार तहसील में पठारे शिवर के पास सुबह करीब 7 बजे हुई। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों में 7 महिलाएं, 2 छोटे बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं।

अधिकारियों ने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *